सीने का हर दर्द हृदय रोग नहीं होता, और जानकारी यहां पाएं

सीने का हर दर्द हृदय रोग नहीं होता, और जानकारी यहां पाएं

सेहतराग टीम

(1). प्रश्न- बैठे-बैठे सीने में हल्का दर्द होने लगता है, जो चलने-फिरने से अपने आप ठीक हो जाता है। क्या यह कोई बीमारी है?

उत्तर- अक्सर ऐसा दर्द ठंड या खिंचाव के मांसपेशियों या हड्डियों के प्रभावित होने से यह दर्द होता है। दर्द वाले हिस्से में एक सप्ताह तक दिन में दो बार सेंसर तेल की मालिश करें।

(2). प्रश्न- वजन उठाने या दौड़ने से सीने के बाईं ओर दर्द होता है?

उत्तर- अपने रक्तचाप की जांच करवाएं। वैसे यह मांसपेशी या सीने की पसलियों का रोग भी हो सकता है। हृदय के वाल्व में शिथिलता भी इसका कारण हो सकती है। हृदय के इको टेस्ट द्वारा इसका ठीक-ठीक पता लगाया जा सकता है। हृदय शूल यानी एंजाइना भी इसका कारण हो सकता है। सही कारणों का पता चलने पर ही इलाज संभव है।

(3). प्रश्न- व्यायाम करते समय सीने में दर्द होता है। क्या-क्या जांच करवानी चाहिए?

उत्तर- हृदय का ई.सी. जी, सीने का एक्स-रे व इको कार्डियोग्राम नामक टेस्ट करवा लें। आप माइट्रल वाल्व प्रोलेप्स से भी पीड़ित हो सकते हैं। हृदय शूल यानी एंजाइना भी इसका कारण हो सकते हैं। खून की कमी की जांच के ब्लड टेस्ट करवा लें। इन जांचों के साथ हृदय रोग विशेषज्ञ से मिलें।

(4). प्रश्न- पांच-छह सालों से कभी-कभी सीने के बाएं भाग में दर्द होता है?

उत्तर- सीने के बाईं ओर होने वाला हर दर्द हृदय रोग नहीं होता। हृदय रोग मे होने वाला दर्द क्षणिक होता है। जो चलने-फिरने से बढ़ जाता है। आपके मामले में यह दर्द मांसपेशियों से संबंधित लगता है। आपको माइट्रल वाल्व प्रोलेप्स भी हो सकता है। इसलिए इको कार्डियोग्राफी टेस्ट करा लें, क्योंकि इससे दर्द के कारण का पता चल सकता है।

(5). प्रश्न- तेज गति से चलने या दौड़ने पर सांस फूल जाती है और सीने में दर्द होने लगता है। सीने का यह दर्द असहनीय?

उत्तर- सीने में दर्द और सांस फूलना, खासकर दौड़ते समय, हृदय को कम रक्त पहुंचाने यानी पौष्टिक तत्व व ऑक्सीजन की कमी के कारण होता है। दिल के एक वाल्व में शिथिलता या खून की कमी के कारण भी इस प्रकार के लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं। रक्त की जांच, ई.सी.जी, इको कार्डियोग्राफी, टी.एम.टी व सीने का एक्स-रे कराएं। हृदय रोग विशेषज्ञ के संपर्क में रहें।

(6). प्रश्न- सीने में दर्द रहता है जो चलने-फिरने में बढ़ जाता है। बीच में ठीक हो जाता है। उच्च रक्तचाप का भी मरीज हूं?

उत्तर- यह दर्द एंजाइनाके कारण हो सकता है। यह क्षणिक होता है, जो आराम करने से ठीक हो जाता है और चलने-फिरने बढ़ जाता है। यह दर्द सीना, दांत, गर्दन, बांह, हाथ, पेट इत्यादि कहीं भी हो सकता है तथा यह मामूली से लेकर तीव्र तक हो सकता है। इसके साथ ही पसीना भी आता है और सांस लेने में भी दिक्कत हो सकती है। हृदय धमनियों को फ़ैलाने वाली दवाओं (नाइट्रेट) के सेवन से फौरन आराम मिल जाता है। रक्तचाप नियंत्रित रखें और विस्तृत जांच करवाएं।

(यह आलेख प्रो. (डॉ.) एम. पी. श्रीवास्तव और डॉ. संजय श्रीवास्तव द्वारा लिखी गयी किताब 'सवाल आपके जवाब डॉक्टर के' से साभार लिया गया है)                       

 

इसे भी पढ़ें

कोलेस्‍टेरॉल: समस्‍या से लेकर उपचार तक जानें सब कुछ

योग अनुसंधान : हृदयाघात से बचाव में कारगर है योग

दिल की बीमारी में एमआरआई का ये इस्‍तेमाल महत्‍वपूर्ण है, आप भी जानें

अगर आपको पेसमेकर लगा है तो ये खबर आपके लिए है

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।